पुलिस वैन के सामने चट्टान बनकर खड़ी हुईं रिया अहीर, छात्रों के समर्थन में दिखाई बेखौफ हिम्मत

मुंबई में छात्रों के प्रदर्शन के बीच एक तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में एक महिला पुलिस वैन के सामने खड़ी होकर उसे रोकती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हिरासत में लेकर जा रही थी, तभी उन्होंने विरोध जताते हुए वैन का रास्ता रोक दिया।

यह महिला कोई और नहीं बल्कि एक्ट्रेस, मॉडल और बिजनेसवुमन रिया अहीर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिया शिवाजी पार्क में प्रदर्शन के दौरान पहुंची थीं। उनका कहना है कि जब उन्होंने छात्रों को पुलिस वैन में ले जाते देखा तो उन्हें लगा कि उनके साथ गलत हो रहा है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से सवाल किए और वैन के सामने खड़ी हो गईं।

वायरल वीडियो में रिया कहती हैं कि वह न तो छात्र हैं और न ही किसी किसान परिवार से, लेकिन छात्रों के साथ जो हुआ, वह गलत है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से छात्रों को न्याय देने और पूरे मामले पर जवाब देने की भी अपील की।

रिया अहीर एक एक्ट्रेस, मॉडल और बिजनेसवुमन हैं। उनका अपना लग्जरी क्लोदिंग ब्रांड ‘रियासत’ है और वह कई म्यूजिक वीडियोज़ में भी नजर आ चुकी हैं। सोशल मीडिया पर उनके इस साहसी कदम की जमकर तारीफ हो रही है। फिल्ममेकर जोया अख्तर ने भी उनकी तस्वीर शेयर कर उनकी हिम्मत की सराहना की।

Leave a Comment