आयुष्मान खुराना ने फिल्ममेकर जूड एंथनी जोसेफ के उस स्पष्टीकरण पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने मोहनलाल को लेकर अपने पुराने बयान को लेकर सफाई दी थी। जूड ने साफ किया था कि उनकी बात का आयुष्मान से कोई संबंध नहीं था और वह अभिनेता का सम्मान करते हैं।

जूड ने आयुष्मान से मुलाकात के बाद इंस्टाग्राम पर बताया कि एक प्रोजेक्ट के लिए आयुष्मान को मोहनलाल से जुड़ी स्क्रिप्ट पसंद आई थी, लेकिन किसी वजह से वह आगे नहीं बढ़ सका। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रोजेक्ट के न बन पाने में आयुष्मान की कोई गलती नहीं थी। साथ ही जूड ने भविष्य में उनके साथ काम करने की इच्छा जताई।

जूड की पोस्ट पर आयुष्मान ने जवाब देते हुए लिखा कि वह उनके काम के फैन हैं और जल्द उनके साथ काम करने की उम्मीद रखते हैं। मोहनलाल को लेकर उन्होंने कहा, “मैं मोहनलाल सर के काम का बहुत सम्मान करता हूं। वह एक लीजेंड हैं। उम्मीद है कि किसी दिन मैं उनके साथ स्क्रीन शेयर करने के लायक बनूं।”

दरअसल, जूड की पुरानी टिप्पणी के बाद ऐसी चर्चाएं शुरू हो गई थीं कि इसका संबंध आयुष्मान से जुड़े किसी प्रोजेक्ट से था। हालांकि, जानकारी के मुताबिक आयुष्मान या उनकी मैनेजमेंट टीम की जूड के साथ इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई सीधी बातचीत नहीं हुई थी। अगर प्रोडक्शन स्तर पर कोई चर्चा हुई भी थी, तो वह शुरुआती चरण में ही थी और कोई आधिकारिक कमिटमेंट नहीं हुआ था।

वहीं, मोहनलाल का नाम भी आयुष्मान या उनकी टीम के साथ हुई प्रोजेक्ट चर्चा का हिस्सा नहीं था। आयुष्मान के ताजा बयान ने साफ कर दिया है कि उनके मन में मोहनलाल और जूड दोनों के लिए पूरा सम्मान है। जूड की सफाई और आयुष्मान के जवाब से यह भी स्पष्ट है कि दोनों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं है और दोनों भविष्य में साथ काम करने के इच्छुक हैं।