भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल रामायण: पार्ट 1 का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण के किरदार में दमदार नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में भव्य विजुअल्स, हाई-क्वालिटी VFX और राम-रावण के महायुद्ध की शानदार झलक देखने को मिली है। फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

ट्रेलर की शुरुआत सृष्टि के निर्माण और त्रिमूर्ति के परिचय से होती है। ब्रह्मा को सृष्टि का रचयिता, विष्णु को पालनकर्ता और महादेव शिव को परिवर्तन एवं संहार का देवता बताया गया है। जब तीनों लोकों में अधर्म बढ़ने लगता है, तब भगवान विष्णु धर्म की रक्षा के लिए राम के रूप में धरती पर अवतार लेते हैं।

ट्रेलर में यश का रावण अवतार बेहद शक्तिशाली और प्रभावशाली दिखाया गया है। उन्हें एक ऐसे राक्षस सम्राट के रूप में पेश किया गया है जो विद्वान होने के साथ-साथ अपार शक्तियों का स्वामी है। अपने अहंकार और महत्वाकांक्षा के कारण वह तीनों लोकों पर शासन करने का सपना देखता है।

ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में शांत, मर्यादित और प्रभावशाली नजर आते हैं। अयोध्या के राजकुमार के रूप में उनका जीवन, सीता (साई पल्लवी) और लक्ष्मण (रवि दुबे) के साथ उनके रिश्ते और वनवास की यात्रा को खूबसूरती से दिखाया गया है। यही यात्रा आगे चलकर इतिहास के सबसे बड़े युद्ध की भूमिका तैयार करती है।

कहानी तब नया मोड़ लेती है जब रावण सीता का हरण कर लेता है। इसके बाद राम और रावण के बीच धर्म और अधर्म की निर्णायक लड़ाई शुरू होती है। ट्रेलर में युद्ध के कई शानदार दृश्य देखने को मिलते हैं, जो फिल्म के भव्य स्तर का अंदाजा देते हैं। फिल्म के ट्रेलर की सबसे बड़ी ताकत इसके शानदार विजुअल्स और हाई-क्वालिटी VFX हैं। अयोध्या की भव्यता, रावण का साम्राज्य, जंगलों के दृश्य और युद्ध के सीक्वेंस बड़े पर्दे पर एक अलग ही सिनेमाई अनुभव का एहसास कराते हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक भी हर सीन को और ज्यादा प्रभावशाली बनाता है।
फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण, साई पल्लवी सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा हैं, जबकि इसके VFX पर ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG ने काम किया है।
‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दिवाली 2026 पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।