भारतीय क्रिकेट टीम इस महीने शुभमन गिल की कप्तानी में श्रीलंका दौरे पर आज सुबह मुंबईसे रवाना हो गई है, जहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। हालांकि 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिलने के बावजूद चार युवा स्पिन गेंदबाज भी टीम के साथ श्रीलंका गए।

रिपोर्ट के मुताबिक तनुष कोटियान, विप्रज निगम, शिवांग कुमार और हर्ष दुबे को नेट गेंदबाज के रूप में चुना गया है। श्रीलंका की स्पिन मददगार पिचों को देखते हुए टीम प्रबंधन ने बल्लेबाजों को बेहतर अभ्यास दिलाने के लिए इन स्पिनरों को साथ ले जाने का फैसला किया है।

गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं तनुष कोटियान और हर्ष दुबे पहले भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिला था।